आइस्क्रीम के रूपये लेने पहुंचा तो शराबियों ने दौड़ाई बाइक

उज्जैन। आइस्क्रीम में रूपये लेना युवक को उस वक्त मंहगा पड़ गया, जब शराबी युवको ने बाइक स्टार्ट कर दौड़ा दी। युवक ने बाइक पकड़कर रोकने का प्रयास किया तो शराबी उसे घीसते हुए काफी दूर तक ले गये। युवक घायल हुआ है। जिससे उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने युवको की तलाश शुरू की है। राज रायल कालोनी में रहने वाला अर्जुन पिता आत्माराम बॉम्बे आइस्क्रीम की गाड़ी ढांचा भवन से जीरो पाइंट ब्रिज की ओर जाने वाले स्मार्ट रोड पर लगाता है। शुक्रवार रात उसकी दुकान पर 2 बाइक पर सवार होकर चार-पांच युवक पहुंचे थे। उन्होने आइस्क्रीम मांगी। अर्जुन ने उन्हे आइस्क्रीम दी। युवको ने आॅनलाइन पैसे दिये और गाड़ी के पास ही बाइक खड़ी कर शराब पीने लगे। अर्जुन ने कहा कि परिवार के लोग भी आइस्क्रीम खाने आते है यहां से हट जाओ। युवक कुछ दूरी पर चले गये। तभी एक युवक वापस दुकान पर आया और फिर से आइस्क्रीम मांगी। अर्जुन ने दोबारा दी, युवक पैमेंट किये बिना कुछ दूरी पर जाकर खाने लगे। आइस्क्रीम के साथ शराब का सेवन कर युवक बाइक स्टार्ट कर जाने लगे तो अर्जुन दौड़कर रुपये मांगने पहुंचा, लेकिन युवक भागने लगे। अर्जुन ने उनकी बाइक पकड़ ली, युवको ने रफ्तार तेज कर दी। अर्जुन बाइक से 40 से 50 फीट दूर तक घीसता हुआ चला गया और घायल हो गया। घटनाक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अर्जुन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पहली बार आइस्क्रीम लेने पर युवको ने आॅनलाइन रुपये ट्रांसफर किये थे। पुलिस उसकी आधार पर अब शराबी युवको का पता लगाने में जुटी हुई है।