रीवा में बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव– कांग्रेस ने देश की विचारधारा तोड़ने का किया काम, अब भोग रही कर्मों का दंड

 

रीवा। कांग्रेस पार्टी में न केवल लीडरशिप का अभाव है बल्कि सोच का भी अभाव बराबर बना हुआ है। कांग्रेस अपने कर्मों का दंड भोग रही है। जितना नुकसान अंग्रेजों ने भारत के टुकड़े करने में 1857 में नहीं किए थे उससे ज्यादा नुकसान कांग्रेस ने भारत के विचारधारा को तोड़ने के लिए किया है। यही कारण है कि कांग्रेस का लगातार पतन होता जा रहा है। यह बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अपने अल्प प्रवास के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मोदी सरकार है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जहां पर हम न केवल भव्य तरीके से रामनवमी का त्योहार मनाते हैं, बल्कि इस सम्मान के साथ ईद भी मनाई जाती है। इतिहास उठा कर देख लो हिंदू-मुस्लिम की विचारधारा में टकराव लाने का काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस सरकार में दंगे होते थे लेकिन इन 10 वर्षों में मोदी कार्यकाल में दंगे का नाम नहीं सुना होगा।
यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति में के पाठ्यक्रमों में अगर हमने यह तय किया कि उसमें हम प्रेरणादायक श्री राम लला की कहानी, भगवान श्री कृष्ण की कहानी को शामिल करेंगे तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है। कह रहे हैं कि यह मुस्लिम विरोधी हैं। मुख्यमंत्री ने मंच पर से ही यहां जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर ब्रांडिंग की वहीं केंद्र सरकार की योजनाओं प्रदेश सरकार की योजनाओं में होने वाले काम को भी गिनाया है।
सीएम यादव ने कहा कि हमारे पूज्य श्री राम व श्री कृष्ण की पग जहां-जहां पड़े हैं उसे हम तीर्थंकर स्थल बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि रीवा का इतिहास जितना बुलंद है भविष्य उतना ही उज्जल होगा। मंच से उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा के पक्ष में जन आशीर्वाद मांगा।