कांग्रेस से कई दर्जन नेताओं के भाजपा में आने की कवायद तेज

भाजपा का स्थापना दिवस कांग्रेस के लिए नई मुसीबत की तैयारी

दैनिक अवन्तिका उज्जैन

लोकसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा का स्थापना दिवस कांग्रेस संगठन के लिए नई मुसीबत ला रहा है। संभावना है कि स्थापना दिवस पर भाजपा तीन दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं को अपने दल में प्रवेश करवाते हुए सदस्यता दे सकती है। राजनैतिक हल्कों में इसे लेकर आंतरिक रूप से चर्चाएं होने की बात सामने आ रही है। तीन दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं को भाजपा अपने साथ लेकर जिले में लोकसभा चुनाव में गहरा झटका दे सकती है।

भाजपा का स्थापना दिवस छह अप्रैल को पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं को स्थापना दिवस की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हर बूथ पर टोली बनाकर संगठन से मिली प्रचार सामग्री को बांटना है। प्रत्येक बूध के लाभार्थी के साथ नेताओं को फोटो खिंचवाकर संगठन के और मोदी एप पर अपलोड करनी है। इस दौरान प्रचार सामग्री में मिला स्टीकर लाभार्थी के घर के बाहर भाजपा नेता चिपकाएंगे इसका फोटो भी खींचकर एप पर डालेंगे। बूथों पर संगठन का काम और सरकार की योजना का जिक्र भी लोगों से करने के निर्देश संगठन ने दिए हैं। शहर और ग्रामीण मंडलों में इसके तहत संगठन स्तर पर काम कार्यकर्ता एवं नेता हर बूथ क्षेत्र में करेंगे।
इसे लेकर कई कांग्रेस नेताओं से भाजपा नेताओं का संपर्क बना हुआ है। भाजपा के नगर अध्यक्ष विवेक जोशी बताते हैं कि स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं के घर झंडे लगाने से शुरूआत होगी। मतदान केंद्र वार बैठकें होंगी। भाजपा की विचार धारा का प्रचार प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य राजनैतिक दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं, कार्यकर्ताओं का प्रवेश स्वागत के साथ करवाया जाएगा। उन्होंने इसकी संख्या बताने से इंकार कर दिया और स्पष्ट किया कि पूरे प्रदेश में लाखों अन्य राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता नेता भाजपा प्रवेशित होंगे। उज्जैन में भी यह आंकडा बडा हो सकता है।