ईद की तैयारी: सिवईय्या, सिरखुरमा और कपड़ों की खरीफ-फरोख्त में जुटे मुस्लिमजन

सारंगपुर। बरकत एवं रहमत का महीना रमजान रुखसती की ओर है। मुस्लिम समाज के प्रत्येक घर में ईद की तैयारियां होने लगी हैं। बाजार गुलजार नजर आ रहा है। रात 12 बजे तक बाजार में खरीददारी की रौनक नजर आ रही है। महिलाएं घरों को सजाने, कॉस्मेटिक सामान एवं विभिन्ना प्रकार के सूट एवं पुरुष डिजायनर कपड़े खरीदने में व्यस्त हैं। ईद उल फितर का त्यौहार 10 या 11 अप्रैल को चांद के दीदार के बाद मनाया जाएगा। अभी तीन या चार तीन शेष हैं। इसको को देखते हुए महिलाएं और पुरुष तैयारियों में जुट गए हैं। शाम होते ही सदर बाजार, भेरूदरवाजा, मुख्य बाजार, गांधी चौक सहित अन्य स्थानों पर सजे बाजारों में भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। महिलाएं जहां डिजायनर सूट, चूड़ी, डुपट्टा और बुर्के आदि सहित कॉस्मेटिक सामान खरीद रही हैं। वहीं पुरुष टोपी, कुर्ता-पायजामा, पैंट, सूट, पसंद कर रहे हैं। वहीं बच्चे भी अपने मन पसंद का सामान खरीद रहे हैं। इस बार पंजाबी, पेपर सिल्क सूट का भी क्रेज है। यह सभी सूट एक हजार से लेकर इससे अधिक कीमत तक की रेंज में उपलब्ध हैं। कॉटन के सूट भी पांच सौ से लेकर तीन हजार रुपये तक बिक रहे हैं।
दुकानदारों के खिले चेहरे
ईद पर्व को देखते हुए महिलाओं, पुरुषों, युवतियों एवं बच्चों की बाजार में भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। रेडीमेड कपड़ों, जूता, चप्पल, कॉस्मेटिक, चूड़ी आदि की दुकानों पर आपाधापी मची रहती है। प्रतिदिन लाखो रुपये की खरीददारी होने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
चूडियां, कंगन की मांग ज्यादा
ईद उल फितर त्योहार को लेकर शुक्रवार को भी स्थानीय बाजार गुलजार हो गया। खरीदारी के लिए दुकानों में भीड़ उमड़ी। सौंदर्य प्रसाधन से लेकर चूडियां, कंगन आदि की डिमांड ज्यादा रही वहीं नमाजी टोपी की खूब डिमांड देखी गई। ईद की खरीदारी को लेकर बाजार में पिछले एक सप्ताह से खूब गहमागहमी रही। खुशियों के इस पर्व का स्वागत करने की तैयारी में रोजेदार जुटे रहे। बच्चे, युवा व महिलाएं बाजार की तरफ रुख कर बैठे। गर्मी व उमस की परवाह किए बिना टोपी, सेवइयां, इत्र, मेवा, मसाले, चीनी व सौंदर्य प्रसाधन के सामान खरीदे। फाइवर, कागज व प्लास्टिक के कप प्याले की डिमांड भी रही। मस्जिद से लेकर घरों को सजाने में लोग व्यस्त दिखाई दिए।
शुक्रवार को ग्राहकों की भारी भीड़ के बाद भी मुख्य बाजार की संकरी गली में चार पहिया वाहन की इंट्री पर रोक नहीं लगी और न ही पुलिस जवान चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था में नजर आए। यही वजह रही की लोग गर्मी में वाहनों के कारण जाम से परेशान होते नजर आए। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा व्यवस्था में जवानों को तैनात करे और वाहनों की बाजार में इंट्री पर रोक लगाई जाए।