April 28, 2024

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) उज्जैन। पूरा शहर मंगलवार को रंगों की मस्ती में डूबा था, वहीं पति ने गोलियां चलाकर पत्नी के साथ खून की होली खेली। पति ने घटना को रिश्तेदार के घर के सामने अंजाम दिया था। उसने तीन गोलियां चलाई थी, 2 गोली सिर में लगने से पत्नी की मौके पर मौत हो गई। मामला चरित्र शंका से जुड़ रहा है, लेकिन पुलिस पारिवारिक विवाद की बात कह रही है। जिसका खुलासा पति की गिरफ्तारी के बाद हो पायेगा।
नागझिरी थाना क्षेत्र के आदर्शनगर में मंगलवार सुबह 11.30 बजे के लगभग गोलियां चलने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एक मकान के सामने महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। जांच में सामने आया कि गोली लगाने से महिला की मौत हो चुकी है। वह गणेशनगर नागझिरी की रहने वाली संजीदा बी पति वाहिद लाला 45 वर्ष है। जिस जगह घटना हुई है, उसके सामने महिला के चाचा का मकान है। जिनके आने पर सामने आया कि संजीदा को गोली उसके पति ने मारी है। पुलिस ने घटनास्थल पर विवेचना के बाद शव को रिश्तेदारों की मौजूदगी में जिला अस्पताल लाया गया। जानकारी सामने आई कि चरित्रशंका में घटना हुई है। लेकिन टीआई कमल निगवाल का कहना था कि अब तक कुछ सामने नहीं आया है। मामला पारिवारिक विवाद का होना सामने आ रहा है। पति के गिरफ्त में आने पर घटना का सच सामने आ पायेगा। घटना के बाद पुत्र इरफान मौके पर आ गया था। जिसने बताया कि माता-पिता में विवाद होता रहता था। पिता सबको मारने की धमकी देते थे। घटना से पहले वह बहनों के साथ अपनी नानी के यहां एटलस चौराहा गया हुआ था। टीआई के अनुसार मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
तराना का मकान बेच उज्जैन आया था परिवार
बताया जा रहा है कि वाहिद लाला मूलरूप से तराना का रहने वाला है, कुछ समय पहले मकान बेचने के बाद वह परिवार के साथ उज्जैन आकर रहने लगा था। जानकारी यह भी सामने आई है कि वाहिद अपराधिक प्रवृति का है, पूर्व में तराना में 2 हत्या कर चुका था। वह नशे का आदी भी हो चुका था। कुछ साल पहले ही जेल से रिहा होकर आया था। पत्नी पर तीन गोलियां चलाई थी, एक गोली हवा में निकल गई थी, 2 संजीदा उर्फ रानी के सिर पर लगी थी। पुलिस के अनुसार फरार पति की तलाश में एक टीम तराना और ग्राम लसुडिया रवाना की गई है।