April 27, 2024

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) महाकाल मंदिर मार्ग पर बूचडख़ानों पर नगर निगम और पुलिस टीम ने शनिवार तड़के चार बजे दबिश मारी थी और सात बूचडख़ानों को सील कर दिया था। जिसके बाद नगर निगम स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल दावरे की शिकायत पर महाकाल थाना पुलिस ने लोहे का पुल पर बुचड़ खाना संचालित करने वाले रहीम पहलवान, बेगमबाग बूचडख़ाने के संचालक नासिर, कोटमोहल्ला के हाजी मुस्तकीम और शकील पहलवान के खिलाफ पशु क्रुरता अधिनियम की धारा 11 (घ) (ड) के साथ 11 म.प्र. कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार चारों अवैध रूप से बूचडख़ाने संचालित कर रहे थे। बताया जा रहा है कि होली पर्व के बाद नगर निगम का बुलडोजर बुचडख़ानों पर चल सकता है। विदित हो कि दबिश के दौरान निगम टीम ने 1 क्विंटल मांस के साथ 55 से अधिक जीवित पाड़े बरामद करने के साथ डीप फ्रीजर, तराजू, कटर मशीन और अन्य उपकरण भी जप्त करने की कार्रवाई की थी। नगर निगम की उक्त दबिश शहर में अब तक की सबसे बड़ी दबिश होना सामने आया था।