April 27, 2024

 

मध्य प्रदेश की 22 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की स्थिति साफ, 6 सीटों पर अब भी प्रत्याशियों की घोषणा बाकी

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के लिए अब तक 22 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इंदौर से अक्षय कांति बम को लोकसभा सीट का प्रत्याशी बनाया गया है। अक्षय बम ने अभी तक कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है। उज्जैन से विधायक महेश परमार को टिकट दिया गया है। पिछले महापौर चुनाव में भी उन्हें कांग्रेस ने उतारा था , परंतु वह हार गए थे। देवास से राजेंद्र मालवीय को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने पहली सूची में 10 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। वहीं शनिवार रात को दूसरी सूची जारी कर 12 नाम फाइनल किए। कांग्रेस के मध्य प्रदेश में 29 में से 22 नाम फाइनल हो चुके हैं, जबकि 6 सीटों पर अब भी प्रत्याशियों के नामों का फैसला होना बाकी है। कांग्रेस ने खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ रखी है। लिहाजा कांग्रेस मध्‍य प्रदेश की 28 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली सूची में भिंड से फूल सिंह बरैया, छिंदवाड़ा से नकुल नाथ, टीकमगढ़ से पंकज अहिरवार और सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम का एलान किया गया था। इसके अलावा सीधी, मंडला, देवास, बैतूल, धार और खरगोन के लिए भी नाम फाइनल कर दिए गए।

दूसरी सूची में
कांग्रेस की दूसरी सूची में इंदौर से अक्षय बम, राजगढ़ से मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, रतलाम लोकसभा सीट से कांतिलाल भूरिया को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा गुना लोकसभा सीट समेत छह सीटों के प्रत्याशियों के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

22 प्रत्याशियों की लिस्ट

भिंड – फूल सिंह बरैया
टीकमगढ़ – पंकज अहिरवार
सतना – सिद्धार्थ कुशवाहा
सीधी – कमलेश्वर पटेल
मंडला – ओंकार सिंह मरकाम
छिंदवाड़ा – नकुल नाथ
देवास- राजेंद्र मालवीय
बैतूल – रामू टेकाम
धार- राधेश्याम मूवेल
खरगोन- पोरलाल खरते
सागर- गुड्डू राजा बुंदेला
रीवा – नीलम मिश्रा
शहडोल – फुंदेलाल सिंह मार्को
जबलपुर -दिनेश यादव
बालाघाट -सम्राट सारस्वत
होशंगाबाद संजय शर्मा
भोपाल- अरुण श्रीवास्तव
राजगढ़- दिग्विजय सिंह
उज्जैन- महेश परमार
मंदसौर- दिलीप सिंह गुर्जर
रतलाम- कांतिलाल भूरिया
इंदौर -अक्षय बम