April 30, 2024

 

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कल भी कांग्रेस नहीं कर पाई। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अधिकतर सीटों के प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बनने के बाद भी शुक्रवार को नाम घोषित नहीं हो सके। मुरैना, ग्वालियर, दमोह, बालाघाट समेत कुछ सीटों के प्रत्याशी को लेकर अभी भी मंथन चल रहा है। केंद्रीय चुनाव समिति में बड़े नेताओं को चुनाव लड़ाने पर सहमति बनी है।
राजगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, रतलाम से कांतिलाल भूरिया और गुना से अरुण यादव के नाम हैं। यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से भेंट भी की। सूत्रों का कहना है कि मुरैना और ग्वालियर में प्रत्याशी को लेकर आमराय नहीं बन पाई है। यहां जातीय समीकरण को लेकर मंथन किया जा रहा है।
मुरैना से भाजपा ने शिवमंगल सिंह तोमर तो ग्वालियर से भारत सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। यही स्थिति दमोह और बालाघाट सीट को लेकर भी बताई जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का कहना है कि चार-पांच सीटों को छोड़कर बाकी सभी सीटों के लिए केंद्रीय चुनाव समिति में नामों पर सहमति बन चुकी है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि कभी भी प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते हैं।

दिग्विजय को कांग्रेस हाईकमान का निर्देश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सदस्य और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का न सिर्फ एलान कर दिया, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर अपनी चुनावी तैयारी पर शुरू कर दीं। उन्होंने संसदीय क्षेत्र के छापीहेड़ा कस्बा में आनन-फानन में बुलाई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से उन्हें बताया गया है कि उनको राजगढ़ से चुनाव लड़ना है।