शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव की तैयारियां हुई शुरू नगर निगम ने घाटों का सफाई कार्य प्रारंभ किया

दैनिक अवंतिका उज्जैन।

उज्जैन: आगामी 9 अप्रैल वर्ष प्रतिपदा गुड़ी पड़वा नगर गौरव दिवस के अवसर पर शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 26 लाख दीप प्रज्जवलित करते हुए विश्व कीर्तिमान रचते हुए गीनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करवाया जाएगा। नगर पालिक निगम द्वारा दीपोत्सव हेतु क्षिप्रा के घाटों का सफाई कार्य प्रारंभ किया गया है।
निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक द्वारा शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव की तैयारियों के संबंध में निर्देशित किया गया है कि शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम अन्तर्गत दीपोत्सव का आयोजन के लिए घाटों की आवश्यकता अनुसार रंगाई पुताई के साथ ही साफ-सफाई, गाद निकालना, स्थल पर डंप अनावश्यक कचरे को उठाना तथा पेड़ पौधों की छटाई के साथ-साथ सभी घाटों को धुलवाया जाए इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त श्री संजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर निगम स्वास्थ्य अमले जेसीबी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से कर्क राज से नृसिंह घाट तक घाटों का सफाई कार्य प्रारंभ किया गया है। निगम द्वारा शिव ज्योति अर्पणम् से संबंधित अन्य आवश्यक तैयारियां भी प्रारंभ की गई है।