मोबाइल चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा हिरासत में आया राजस्थान-महाराष्ट्र की महिलाओं को गिरोह

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) महाशिवरात्री पर्व पर मोबाइल चोरी की वारदातों में शामिल महिलाओं को गिरोह पुलिस की हिरासत में आया है। जिनकी निशानदेही पर 10 से अधिक मोबाइल बरामद किये गये है। महिलाओं के साथ चार पुरूषों को पकड़ा गया है। एक के पास से एक्टिवा और 55 लीटर शराब से भरी 2 केन जप्त की गई है।
शुक्रवार को बाबा महाकाल की नगरी में शिवरात्री महोत्सव मनाया गया था। देशभर से सात लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर के आसपास भीड़ में कई श्रद्धालुओं के कीमती मोबाइल के साथ पर्स और सामान चोरी हो गया था। मामले की शिकायते महाकाल थाना पुलिस के पास पहुंची थी। वहीं श्रद्धालुओं के साथ वारदातों की खबर एसपी प्रदीप शर्मा तक पहुंची तो उन्होने सीएसपी ओपी मिश्रा, टीआई अजय वर्मा को निर्देशित कर बदमाशों की धरपकड़ करने को कहा। सीएसपी ने टीआई के नेतृत्व में एसआई एम. एल. मालवीय रामबालक चौहान, भूपेन्द्रसिंह चौहान, एएसआई बलराम थिरोदा, प्रधान आरक्षक सुनील पाटीदार, राजपाल यादव, भूपेन्द्र, रविसिंह सहित अन्य सदस्यों की अलग-अलग टीम बनाई और बदमाशों की धरपकड़ के लिये रवाना किया। इस दौरान सामने आया कि वारदातों में महिलाओं को गिरोह शामिल है। जिसके चलते टीम में महिला आरक्षक सुजाता, सुषमा, महिला सैनिक शकुंतला को शामिल किया गया और कार्तिक मेला ग्राउंड से 4 महिला, 1 पुरूष के साथ हिरासत में लिया गया। शंकराचार्य चौराहा से 4 महिलाओं के साथ भूखीमाता रोड से 1 महिला के साथ एक पुरूष को पकड़ा गया। जिनकी निशानदेही पर 9 से 10 मोबाइल फोन बरामद किये गये। जो श्रद्धालुओं के चोरी किये गये थे। पुलिस को महिलाओं के गिरोह में शामिल एक पुरूष के पास से एक्टिवा और 2 केनों में भरी कच्ची शराब भी बरामद हुई है। सीएसपी मिश्रा के अनुसार महिलाओं से बरामद कुछ मोबइल फोन श्रद्धालुओं को  लौटा दिये गये है। महिलाओं का गिरोह राजस्थान, महाराष्ट्र का रहने वाला है। हिरासत में आये पुरूष पारदी-कंजर गिरोह के होना सामने आ रहे है। फिलहाल सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि कुछ ओर वारदातों का पता चल सकता है। महिला के गले से चोरी हुई थी सोने की चेन महाशिवरात्री पर बाबा महाकाल के दर्शन करने सीमा पति भैरूलाल शर्मा निवासी बहादूरगंज अपनी ननद उषा शर्मा के साथ पहुंची थी। दर्शन के बाद वह मंदिर से बाहर बड़ा गणेश मंदिर के सामने से हरसिद्धी की ओर जा रही थी। उसी दौरान उसके गले से ढाई तोला वजनी सोने की चेन अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली। चेन चोरी होने का पता चलते ही दोनों ननद-भाभी महाकाल थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। लेकिन शनिवार को हिरासत में आये महिलाओं के गिरोह से चेन बरामद होना सामने नहीं आया है। कई श्रद्धालुओं के पर्स चोरी के मामले भी पुलिस तक पहुंचे है, उसमें भी सफलता नहीं मिल पाई है। महाकाल मंदिर से जुड़े हर बड़े पर्व के दौरान लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में बाहर से बदमाश प्रवृति के महिला-पुरूषों का गिरोह सक्रिय हो जाता है। पिछले कुछ वर्षो से ऐसे गिरोह पर पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है।