*इंदौर में पत्नी और भानजे ने हत्या कर पुलिया के नीचे फेंका शव, प्रेमी भानजा गिरफ्तार*

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में रजाई-गद्दा व्यवसायी रुपसिंह की हत्या कर दी गई। हत्या को दुर्घटना बताने की कोशिश की और शव पुलिया किनारे पटक दिया। देर रात खुलासा हुआ हत्या रुपसिंह की पत्नी पूजा और भानजे शुभम ने की है। दोनों में प्रेम संबंध थे। चार अन्य युवकों की मदद से पत्थर से कुचला और शव को फेंक आए।
मूलत: बैतुल निवासी 28 वर्षीय रुपसिंह राठौर का शव गुरुवार तड़के अहिरखेड़ी में पुलिया के पास पड़ा मिला।उसके शरीर और सिर पर गहरी चोट थी। पुलिस पहले तो सड़क हादसा समझती रही। पत्नी पूजा ने कहा- रुपसिंह बुधवार रात करीब 11 बजे खाना खाकर कचरा फेंकने का बोलकर गए थे। रातभर इंतजार करने के बाद भी घर न लौटने पर पूजा ने भतीजे ओमप्रकाश को फोन लगाया। तड़के करीब 4 बजे स्वजन रुपसिंह को अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टर ने मृत बता दिया।
देर रात पुलिस ने मामले में रुपसिंह के भानजे शुभम पंवार को हिरासत में ले लिया। उसने बताया कि पूजा व रोहित, युवराज, कन्नू और अंशू की मदद से हत्या की थी। हत्या को हादसा दर्शाने के लिए शव पुलिया के समीप पटक दिया। उसके पास ही रुपसिंह का स्कूटर छोड़ दिया। एडिशनल डीसीपी जोन-4 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक हत्या का केस दर्ज किया है। अभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

पत्नी के वीडियो काल से खुला हत्या का राज

घटना के बाद एसीपी नंदनी शर्मा, टीआई अनिल गुप्ता रुपसिंह के घर पहुंचे और परिजनों से बात की। पूजा के चहरे पर जरा भी शिकन नहीं थी। बात ही बात में पूजा का मोबाइल देखा तो उसमें शुभम का वीडियो काल दिखाई दिया। साइबर सेल की मदद से काल हिस्ट्री की जांच की गई। पूजा तो रुपसिंह का शव लेकर बैतुल रवाना हो गई लेकिन शुभम पकड़ा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने सोते वक्त मुंह पर चद्दर डालकर पत्थर से कुचला था। यह भी बताया कि हत्या में शामिल चारों आरोपियों को दो-दो हजार रुपये दिए थे। वह करीब 50 हजार रुपये खर्च करना बता रहा है। शुभम मंदसौर में शराब की दुकान पर नौकरी करता है।