बिना इजाजत वाले रूट पर गए राहुल गांधी, असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के खिलाफ केस दर्ज

जोरहाट। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व वाली “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा शासित असम में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि यात्रा के लिए पहले से जो रूट तय था उस पर नहीं बल्कि दूसरे रूट पर यात्रा निकाली गई। पुलिस ने बताया कि असम के जोरहाट शहर के अंदर अनुमत मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से जाने के आरोप में “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” और इसके मुख्य आयोजक के बी बायजू के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रा को के बी रोड की ओर से जाने की अनुमति थी। उन्होंने बताया कि इसके बजाये यह शहर में एक अन्य मार्ग से चली गयी जिससे क्षेत्र में “अराजक स्थिति” पैदा हो गई।
उन्होंने कहा, “अचानक भीड़ के कारण कुछ लोग गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए यात्रा और उसके मुख्य आयोजक के खिलाफ जोरहाट सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।” अधिकारी के अनुसार, प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि यात्रा ने जिला प्रशासन के नियमों का पालन नहीं किया और इसने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया।