बाइक सवार कृषक की सड़क दुर्घटना में गई जान -रात में यमदूत बनकर सडको पर दौड़ रहे वाहन

दैनिक अवन्तिका
उज्जैन। तीन दिनों से रात में सड़को पर बड़े वाहन यमदूत बनकर दौड़ रहे है। गुरूवार-शुक्रवार रात आगररोड पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार कृषक की जान चली गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की है। घट्टिया थाना क्षेत्र के नजरपुर में बीती रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अशोक पिता विष्णुलाल चौहान 50 निवासी घट्टिया को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। 108 एम्बुलेंस उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मोबाइल मिला था, जिसमें दर्ज नबंरों पर कॉल करने के बाद मृतक के भाई बनेसिंह से चर्चा हुई। वह खबर मिलने पर रात में ही जिला अस्पताल पहुंच गया था। पुलिस भी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची थी। रात में ही मर्ग कायम किया और शुक्रवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान भाई ने बताया कि अशोक कृषक था, जिसके दो बेटे है और वह इंदौर में रहते है। अशोक बाजार जाने का बोलकर गया था, जहां से रात में घर लौट रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की है। नजरपुर में हुई दुर्घटना से एक दिन पहले मोहनपुरा चिंतामण ब्रिज के पास और उससे एक दिन पहले रामगढ़ फंटा पर रात को हुई दुर्घटना में बाइक सवार युवको की जान जा चुकी है।