मरने से पहले लिखा इतने भी भाव मत खा जिंदगी -युवक की 2 माह पहले हुई थी सगाई

दैनिक अवन्तिका ब्रह्मास्त्र उज्जैन। युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने से पहले मोबाइल स्टेटस पर लिखा इतने भी भाव मत खा जिंदगी 15 रूपयों की गोली से तू झाग हो जाएगी। युवक की उपचार के दौरान मौत हुई है।
फाजलपुरा क्षेत्र के नगरकोट में रहने वाला विनय पिता महेश राठौर 24 वर्ष मंडी में हम्माली करता था। उसकी 2 माह पहले सगाई हुई थी। परिवार शादी की तैयारी में लगा था। इस बीच शुक्रवार सुबह विनय ने अपने मोबाइल स्टेटस पर लिखा इतने भी भाव मत खा जिंदगी… जिसके साथ शमशान में चलती चिता का फोटो भी लगाया। सुबह 11 बजे के लगभग उसने अपने दोस्त पवन चौहान, दीपक सूर्यवंशी को जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी। दोस्त घर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर आये। जहां उपचार के लिये भर्ती किया गया। काम पर जा चुके परिजनों को खबर मिलने पर अस्पताल पहुंचे। रात में विनय की मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने मर्ग कायम किया और परिजनों से जानकारी ली। भाई सर्वेश ने बताया कि विनय का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सगाई के बाद मंगेतर को उसकी प्रेमिका के बारे में पता चला। दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। प्रेमिका को सगाई का पता चला तो वह भी सगाई तोडऩे का बोल रही थी। इसी के चलते कुछ दिनों से विनय तनाव में चला रहा था। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किये जाएगें। मोबाइल जब्त कर जांच में लिया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है।