इंदौर में बढ़ रही छेड़छाड़ : 15 वर्षीय किशोरी से लेकर 63 वर्षीय वृद्धा भी हुई शिकार

 

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही 15 वर्षीय किशोरी से मनचले ने छेड़छाड़ की। आरोपी ने सरेराह हाथ पकड़ा और गाड़ी पर बैठाने का प्रयास किया। किशोरी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने पेट में लात मार दी। राहगीरों ने उसकी पकड़ कर पिटाई कर दी।
पुलिस के मुताबिक घटना प्रजापतनगर स्थित ग्वाला कालोनी की है। पीड़िता कोचिंग जा रही थी। आरोपी रोहित ने फूटी कोठी चौराहा पर उसको रोका और कहा कि उसे भाई ने भेजा है। पीड़िता ने बाइक पर बैठने से मना किया तो आरोपी ने पेट में लात मार दी। उधर, घटना के बाद आरोपी ने भी पत्नी से पीड़िता के भाई पर केस दर्ज करवा दिया।

बाइक सवारों पर छेड़छाड़ का आरोप

चंदननगर पुलिस ने भी बाइक सवार दो युवकों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने फूटी कोठी चौराहा पर खड़ी युवती को रोका और कहा कि दोस्ती कर लो। आरोपियों ने युवती का हाथ पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार बदमाश बाइक(एमपी 09वीएन 2125) से आए थे।

63 वर्षीय वृद्धा से छेड़छाड़

तेजाजीनगर पुलिस ने भी पीस पाइंट कालोनी निवासी 63 वर्षीय वृद्धा की शिकायत पर आरोपी मनिंदर उर्फ टोनी भाटिया और तरणजीत पर मारपीट,छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक महिला के बेटे का खंडवा रोड पर कैफे है। आरोपी की उससे जान पहचान हुई थी। महिला ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने घर में घुस कर मारपीट कर दी।