प्रियंका होंगी मप्र में कांग्रेस की प्रमुख प्रचारक, 40 से ज्यादा करेंगी रैली- सभाएं

 

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस के इलेक्शन कैंपेन की कमान संभालेंगी। प्रमुख प्रचारक के रूप में वे मध्यप्रदेश में 40 से ज्यादा जनसभाएं और रैलियां करेंगी। एक दिन में उनकी 2 से 3 रैलियां रहेंगी। चुनाव की घोषणा होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका लगभग हर दूसरे दिन यहां रहेंगी।
प्रियंका के साथ कई बार राहुल गांधी भी नजर आएंगे, लेकिन मध्यप्रदेश में कैंपेन की रणनीति को अंतिम रूप प्रियंका ही देंगी। राहुल छत्तीसगढ़, राजस्थान का कैंपेन लीड करेंगे। बीच-बीच में प्रियंका भी छत्तीसगढ़, राजस्थान व तेलंगाना में सभाएं करेंगी।
कांग्रेस के चुनाव रणनीतिकारों ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। प्रियंका के ऑफिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव की घोषणा होते ही प्रियंका गांधी के मप्र में दौरे शुरू हो जाएंगे। कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित कहते हैं कि प्रियंका गांधी जिस सरलता से विषय को उठाती हैं, उसका अन्य राज्यों में भी असर हो रहा है।

एक दिन में 2 रैलियां करेंगी प्रियंका

प्रियंका गांधी के दौरे इस तरह बनाए जा रहे हैं कि वह मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाएं। ये भी तय हो गया है कि प्रियंका एक दिन में 2 और कभी-कभी 3 रैलियां करेंगी। चुनाव की घोषणा होने तक अभी प्रियंका दिल्ली से ही मप्र पर नजर रखेंगी। इसके बाद ही प्रियंका के लगातार दौरे शुरू होंगे। प्लान के मुताबिक कांग्रेस ने एक ग्राउंड सर्वे भी कराया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी यही रिपोर्ट दी है कि प्रियंका के आने से कांग्रेस के पक्ष में हवा बनाने में मदद मिलेगी।