जिन्हें आक्रोश मिलेगा, वे जनाक्रोश यात्रा ही निकालेंगे – कांग्रेस की 7 यात्राओं पर बोले शिवराज

 

स्टालिन के बयान पर कहा- सनातन विरोधियों का अंत होगा

भोपाल। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के बाद अब कांग्रेस भी मध्यप्रदेश में 7 यात्राएं निकालने जा रही है। इन यात्राओं को ‘जन आक्रोश’ नाम दिया गया है। कांग्रेस की यात्रा पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि ‘भाजपा को जनता का प्यार, आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। जिन्हें प्यार मिलेगा, वे जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे और जिन्हें आक्रोश मिल रहा है, वे जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं।’ मुख्यमंत्री ने गुरुवार को भोपाल के जंबूरी मैदान पर 25 सितंबर को होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए भूमि पूजन किया। भाजपा की पांचों जन आशीर्वाद यात्राएं यहां पहुंचेंगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आक्रोश इसलिए है कि उन्होंने 900 वचन पूरे नहीं किए। मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्‌डा बना दिया था। जन – धन वे खा गए। प्रधानमंत्री की जल – जीवन स्कीम शुरू नहीं की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में नाम नहीं भेजे। दो लाख पीएम आवास वापस लौटा दिए। संबल योजना बंद कर दी, बहनों को छला, बेटियों की शादी करा दी, लेकिन राशि नहीं दी। भांजे-भांजियों के लैपटॉप छीन लिए – साइकिल देना बंद कर दी, बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा करवाना बंद कर दी थी, इसीलिए आक्रोश है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के बयान पर उन्होंने कहा कि ‘जो सनातन का विरोध कर रहे हैं, उनका राजनीतिक अंत जरूर होगा।’

माफी मांगने की यात्रा निकाले कांग्रेस

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘कांग्रेस को माफी मांगने की यात्रा निकालनी चाहिए। जो झूठ बोला था, उसको जनता को बताएं। माफी मांगें कि 15 महीने की सरकार में हम कुछ नहीं कर पाए। मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह का चेहरा देखना जनता को पसंद नहीं। बंटाधार खुद कहते हैं कि मैं आता हूं तो जनता वोट काट देती है।’

15 सितंबर से कांग्रेस निकालेगी यात्राएं

कमलनाथ के बंगले पर बुधवार को कांग्रेस की कैम्पेनिंग कमेटी की पहली बैठक हुई। इसमें यह तय हुआ कि 15 सितंबर से प्रदेश भर में सात जन आक्रोश यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं की शुरुआत कैम्पेनिंग कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, जीतू पटवारी, अजय सिंह राहुल, अरुण यादव अपने – अपने क्षेत्राें से करेंगे। बैठक में दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं को भी यात्रा की जिम्मेदारी देने की बात उठी है।
कैम्पेनिंग कमेटी की बैठक में यह भी तय हुआ कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ प्रदेश भर में यात्राओं के दौरान बड़ी सभाओं में शामिल होंगे। इन यात्राओं को लेकर क्षेत्रीय मुद्दे और करप्शन के बडे़ मामलों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी के दौरों को लेकर भी चर्चा हुई। धार और शहडोल में राहुल या प्रियंका का प्रोग्राम जल्द तय हो सकता है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी के दौरों को लेकर भी चर्चा हुई।