निगम ने तोड़ा हत्यारे सुरक्षाकर्मी का मकान, श्वान को लेकर हुए विवाद में गोली चलाकर की थी दो हत्या

 इंदौर ।  इंदौर में श्वान को लेकर हुए विवाद में गोली मारकर जीजा-साले की हत्या करने वाले सुरक्षाकर्मी राजपाल पिता यदुनाथ सिंह राजावत के कृष्णबाग स्थित 600 वर्गफीट के अवैध निर्माण को नगर निगम की रिमूवल टीम ने शुक्रवार को तोड़ दिया। भारी पुलिस बल के साथ निगम की टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन उसे विरोध का सामाना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे करणी सेना के कार्यकर्ता कार्रवाई नहीं करने की मांग करते हुए विरोध जता रहे थे। उन्होंने देर तक नारेबाजी भी की। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई कुछ देर रुकी, लेकिन बाद निगम के दल ने मकान के आगे के हिस्से को तोड़ दिया। करणी सेना के कार्यकर्ता भी समझाइश के बाद लौट गए।
शुक्रवार सुबह नगर निगम और पुलिस का अमला कार्रवाई के लिए कृष्णबाग कालोनी पहुंचा। निगम ने एक दिन पहले ही राजावत के मकान के अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था। इसे आरोपित के मकान पर चस्पा किया गया था। शुक्रवार सुबह जैसे ही नगर निगम के दल ने कार्रवाई शुरू की, करणी सेना के कार्यकर्ता पहुंच गए। वे मकान नहीं तोड़ने को लेकर दबाव बनाने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक कार्रवाई रुकी रही। बाद में अधिकारियों और करणी सेना के पदाधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इसके बाद निगम के अमले ने मकान के आगे का हिस्सा तोड़ दिया। जिस गैलरी में खड़े रहकर आरोपित ने गोलियां चलाई थी, उसे भी गिरा दिया गया।
लकवाग्रस्त युवक और गर्भवती महिला को भी लगी थी गोली
श्वान को लेकर हुए विवाद में राजपाल ने 17 अगस्त की रात घर के सामने रहने वाले एक युवक राहुल और उसके साले विमल को गोली मार दी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपित के सिर खून सवार था। उसने व्हीलचेयर पर बैठे लकवाग्रस्त युवक और एक गर्भवती महिला को भी गोली चलाकर घायल कर दिया।