जेल में 11 सौ बंदियों की कलाई पर बहनों ने बांधी राखीकेन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

उज्जैन ।  भाई-बहनों के स्नेह का प्रतिक रक्षाबंधन का पर्व बुधवार को केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में मनाया गया। भद्रा काल होने पर भी हजारों की संख्या में बहने सुबह से पहुंच गई थी। उन्होने भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर आगे से अपराध नहीं करने का वचन लिया।
केन्द्रीय जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि प्रतिवषार्नुसार इस बार भी जेल में रक्षाबंधन पर्व मनाए जाने की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही बहनों का जेल परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 8 बजे बाद रक्षाबंधन पर्व की शुरूआत की गई और बहनो को मुलाकात कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जहां बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने भाईयों की आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। बहनों को राखी, मिठाई और नारियल लाने की अनुमति दी गई थी। वहीं अन्य सामान की व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से की गई थी। दोपहर 3 बजे तक रक्षाबंधन का पर्व जेल में मनाया गया। इस दौरान 23 सौ से अधिक बहनों ने 11 सौ भाईयों को राखी बांधी। जेल अधीक्षक के अनुसार पिछले वर्षो की तुलना में इस बार बहनों की संख्या कम दिखाई दी। जिसके वजह भद्राकाल होना प्रतीत हो रहा है। जेल में हिन्दू बहनों के साथ मुस्लिम बहने भी पहुंची थी, जो जिले के साथ प्रदेश के अन्य शहरों से भी आई थी।