चंद्रयान की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग देख इंदौर में राजबाड़ा पर झूम उठे लोग, लहराए तिरंगे

इंदौर । चंद्रयान की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग देखकर शहरवासी झूम उठे। लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखने इंदौर में राजबाड़ा पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भारत के चंद्रयान-3 ने शाम 6 बजे के बाद चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंड किया । चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग का सीधा प्रसारण भी इसरो की ओर से किया गया। शहर के 56 दुकान क्षेत्र में भी खुशियां मनाई गई। मध्य प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस सफलता का जश्न मनाया गया।
राजबाड़ा पर सीधा प्रसारण देखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। यहां महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। जैसे ही चंद्रयान की सफल लैंडिंग हुई लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने नारेबाजी के साथ खुशी में तिरंगे लहराए। पूरे देश के साथ-साथ दुनियाभर की निगाहें चंद्रयान-3 पर टिकी हुई थी और खुशखबरी का इंतजार कर रही थी। ऐसे में सभी के मन में यह सवाल जरूर था कि चंद्रयान मिशन के सफल होने की सूचना उन्हें कितनी देर में मिल जाएगी। आखिर करोड़ों भारतीयों का सपना पूरा हो गया। चंद्रयान की साफ्ट लैंडिंग हो गई। इस सफलता पर लोग खुशी से झूम उठे। माहौल में तालियों की गड़गड़ाहट
गूंज उठी।