करप्शन को लेकर कांग्रेस – भाजपा आमने-सामने, दोनों ने ही लगाए एक दूसरे पर जमकर आरोप

कमलनाथ बोले-प्रचार, अत्याचार और भ्रष्टाचार अब मप्र की पहचान, शिवराज सरकार के खिलाफ जारी किया घोटाला पत्र

वीडी का पलटवार – कांग्रेस करप्शन की दुकान

भोपाल ।  मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट सामने आते ही कांग्रेस भी चुनावी मोड में आ गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को शिवराज सरकार पर 18 साल के कार्यकाल में 225 घोटालों को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए बुकलेट जारी की।
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा कि ‘प्रदेश की पहचान प्रचार, अत्याचार और भ्रष्टाचार से हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज अब ठगराज हो गए हैं। शिवराज के 50 प्रतिशत कमीशन राज ने एमपी को घोटालों का प्रदेश बना दिया। घोटालों पर घोटाला, मामा ने जनता को धो डाला। ये भगवान को भी धोखा देते हैं। ये इंसान को छोड़ देंगे, ये उम्मीद नहीं करनी चाहिए। वह दिन दूर नहीं, जब आप गूगल पर घोटाला सर्च करेंगे तो शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी।’
इन कथित घोटालों की जांच कराने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, ‘अब कमलनाथ 2018 के नहीं, 2023 के मॉडल है। कांग्रेस आज शिवराज सिंह चौहान के 18 साल की घोटाला शीट जारी कर रही है। शिवराज सरकार के घोटाले की पोल खोलने वाले अभियान से जुड़ने के लिए 9593-420-420 पर मिस्ड कॉल करें।’
कमलनाथ की पीसी के तुरंत बाद बीजेपी भी एक्शन में आ गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ को करप्शन नाथ बताते हुए कई आरोप लगाए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा- कांग्रेस ने झूठ पत्र जारी किया है। कमलनाथ 2023 के नहीं, 1984 के सिख दंगों के मॉडल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ तो मध्यप्रदेश में करप्शन नाथ के नाम से प्रसिद्ध हैं। उन्होंने अभी एक पत्रकार वार्ता में कुछ कहा। वे कह रहे थे कि मैं 2023 का मॉडल हूं। कमलनाथ जी, आप 2023 के मॉडल नहीं.. आप 1984 के सिख दंगों के मॉडल जरूर हैं। आप देश की खुफिया तंत्र की जानकारी में गद्दारी के मॉडल हैं। चीन के साथ दलाली करने के मॉडल है। आपकी 15 महीने की सरकार में मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह के प्रोजेक्ट चल रहे थे। जिसमें आप करप्शन नाथ बने। उस 15 महीने की सरकार में गरीबों के हक और अधिकार को छीनने के मॉडल आप हैं।