राहुल गांधी बोले- मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई

स्मृति का जवाब- ऐसे बयान पर कांग्रेस तालियां पीटती है, समझ लें गद्दार कौन है

एजेंसी नई दिल्ली

संसद के मानसून सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर दूसरे दिन की बहस राहुल गांधी की स्पीच के साथ शुरू हुई। राहुल ने अपने 35 मिनट के भाषण में भारत जोड़ो यात्रा और मणिपुर पर बात की।

राहुल ने कहा- हमारे प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैं रिलीफ कैंप गया। महिलाओं और बच्चों से बात की। प्रधानमंत्रीजी ने आज तक नहीं किया।

सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है। आप ऐसा नहीं कर रहे हो, क्योंकि आप हिंदुस्तान में मणिपुर को मारना चाहते हो। आप भारत माता के रखवाले नहीं, आप भारत माता के हत्यारे हो। राहुल के भाषण के जवाब में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बोलीं- राहुल भारत माता की हत्या की बात करते हैं, कांग्रेस ताली बजाती है। ये इस बात का संकेत है कि मन में गद्दारी किसके है। राहुल गांधी को लेकर एक नया विवाद भी हो गया। स्मृति ने राहुल गांधी पर महिला सांसदों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। भाजपा ने इसकी शिकायत स्पीकर से की है।

 

 

स्मृति बोलीं-राहुल ने सदन में फ्लाइंग किस का इशारा किया
महिला सदस्यों वाले सदन में ऐसा कभी नहीं देखा, ये उस परिवार के लक्षण

लोकसभा में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के भाषण के बाद एक नया विवाद पैदा हो गया। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- एक बात पर मैं आपत्ति जाहिर करना चाहती हूं। जिनको आज मुझसे पहले बोलने का अधिकार दिया गया, उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। यह केवल एक अभद्र व्यक्ति ही हो सकता है, जो सदन में संसद की महिला सदस्यों के रहते हुए फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसे गरिमा विहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। यह उस खानदान के लक्षण हैं। ये आज देश को पता चल गया। अविश्वास प्रस्ताव के दूसरे दिन आज सबसे पहले राहुल गांधी ने भाषण की शुरूआत की। उन्होंने मणिपुर पर ‘भारत माता की हत्या’ वाली बात कही जिस पर सत्ता पक्ष ने जमकर विरोध जताया। स्मृति उसके बाद बोलने के लिए खड़ी हुईं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरा। इसी दौरान उन्होंने फ्लाइंग किस वाली बात का जिक्र किया।