शरारती तत्वों ने एक कपड़ा व्यापारी को धमकी भरा पत्र भेजा।

इंदौर  शरारती तत्वों ने एक कपड़ा व्यापारी को धमकी भरा पत्र भेजा। पत्र के साथ घर पर अंडों की बरसात भी कर दी। भंवरकुआं थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। शक है कि हरकत प्लाट के विवाद में हुई है। पत्र में धमकी दी है कि आज तो अंडे मारे हैं, कल गोली मार देंगे।

पुलिस के मुताबिक, मनीषबाग कालोनी (न्यू अग्रवाल) निवासी नवीन कुमार पुत्र पदमचंद जैन ने शिकायत दर्ज करवाई है। नवीन का कपड़ों का व्यवसाय है। शुक्रवार को उनकी बालकनी, पोर्च में दो दर्जन से ज्यादा अंडे फेंके गए। पत्थर के साथ एक पत्र भी लिपटा हुआ था। उसमें अपशब्दों के साथ लिखा कि ””शेड तोड़ दे। नीकू भाई परेशान हो रहे हैं।आज अंडे मारे हैं, कल गोली मार देंगे।

पड़ोसियों पर जताया शक

जैन ने पुलिस को बताया कि उनका मनीष बाग में प्लाट है। चार हजार वर्ग फीट में मकान बना है। दो हजार फीट में बगीचा है। पड़ोसी आए दिन कचरा फेंकते हैं। उन्होंने टीन शेड बनवा रखा है। पड़ोसी इसका विरोध कर रहा है। अंडे और पत्र के पीछे भी पड़ोसियों का हाथ हो सकता है।