भाजपा-कांग्रेस की सरकारों ने म.प्र. की जनता को दोनों हाथों से लूटा- आप

ब्यावरा/राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में पीपल चौराहे पर स्थित नवीन शॉपिंग कंपलेक्स में आज आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने एक विशाल जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की सरकारों ने प्रदेश की जनता को दोनों हाथों से लूटा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के हक और युवाओं को रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा। जो योजनाएं लागू होती है वह जनता के पैसे से ही लागू होती है जनता को उनका हक मिलना चाहिए। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ है सरकार अपने ही मंत्री संतरी और विधायकों की जेब भरने में लगी हुई है मध्यप्रदेश में ना तो अच्छे स्कूल हैं ना ही अच्छी शिक्षा। प्रदेश की जनता बिजली के बिल की मार झेल रही है, पानी की व्यवस्था नहीं है, युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। आपने कहा कि उज्जैन महाकाल लोक में सप्तऋषियों की मूर्ति में 800 करोड रुपए का घोटाला हुआ है। चुनाव के पहले ही भोपाल सतपुड़ा भवन में स्वास्थ्य विभाग की फाइलों में आग लग गई। चुनाव आते ही आग क्यों लग जाती है यह एक विचारणीय प्रश्न है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और शिक्षा मंत्री महेंद्र सिसोदिया को मोदी सरकार ने आईडी सीआईडी का सहारा लेकर जेल भेजा है। भाजपा और कांग्रेस चुनाव आते हैं घोषणा कर चुनावी वायदे तो करती है मगर जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं होता है। भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को लॉलीपॉप दे रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं है यदि मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो वैज्ञानिक सोच पर आधारित शिक्षा दी जाएगी। दिल्ली के अंदर सरकार मिली मगर पुरानी सरकार ने उसे कर्ज में डूबा रखा था।

आम आदमी पार्टी ने व्यवस्थित और अच्छे मैनेजमेंट के आधार पर दिल्ली में बजट को सर प्लस किया है। मध्यप्रदेश में भी मिस मैनेजमेंट और बेतहाशा भ्रष्टाचार के कारण आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। लेकिन आम आदमी पार्टी व्यवस्थित और अच्छे मैनेजमेंट के आधार पर मध्यप्रदेश में भी बजट को सर प्लस किया जाएगा। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश की जनता को कर्ज में डूबाने का काम किया है आम आदमी पार्टी जीरो टारलेंस पर काम करके मध्यप्रदेश को कर्ज से उभारेगी। आम आदमी पार्टी ठेका पद्धति को बंद कर समान कार्य समान वेतन के आधार पर काम करेगी। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में किसानों से संबंधित मामले, युवाओं के रोजगार, महिलाओ की सुरक्षा और भाजपा के भ्रष्टाचार आदि मामलों को प्रमुखता से उठाया है लेकिन विधानसभा सदन में प्रतिनिधित्व नहीं होने के कारण वहां उठा नहीं पाए।