लेन-देन के मामले में आधा दर्जन लोग घायल

ब्रह्मास्त्र मुरैना

मुरैना के गोटेनगर में लेन-देन के विवाद में दो पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि इसमें एक पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। उनके ऊपर लाठी व सरियों से हमला किया गया। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें, कि शहर के गोटेनगर में पूरन सिंह जाटव, रविन्द्र जाटव, हरीश जाटव रहते हैं। उनका अशोक जाटव के साथ रुपयों का लेन-देन था। पूरन सिंह जाटव ने जब उधार दिए रुपए वापस मांगे तो उन लोगों ने रुपए देने से इंकार कर दिया।

इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई तथा नौबत मारपीट तक जा पहुंची। देखते ही देखते एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी व सरियों से हमला बोल दिया जिससे सभी के सिर में चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल मुरैना में इलाज चल रहा है।