मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषण- मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 13 हजार रुपये मासिक वेतन

रिटायरमेंट पर सवा लाख रु. देंगे, 5 लाख तक का हेल्थ और दुर्घटना बीमा भी
मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी बढ़कर 6500 रुपये होगा

दैनिक अवन्तिका भोपाल

मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब रिटायर होने पर एकमुश्त सवा लाख रुपए दिए जाएंगे। आंगनबाड़ी सहायिका को रिटायरमेंट पर एक लाख रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 13 हजार रुपए कर दिया जाएगा। मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी बढ़ाकर 6500 रु. कर दिया जाएगा।’ सीएम ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में एक और ऐलान करते हुए कहा, ‘आंगनबाड़ी सहायिका को पदोन्नति में आरक्षण 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का 5 लाख तक का स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा कराया जाएगा।’

कमलनाथ ने मानदेय में कटौती की
सीएम ने कहा, ‘जब मैं मुख्यमंत्री बना, उस समय मानदेय था सिर्फ 500 रुपए। इसे बढ़ाकर 2008-09 में हमने 1500 रुपए किया। इसके बाद 2013-14 में इसे और बढ़ाते चले गए। 2018 में हमने फिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया। यह काम भाजपा सरकार ने किया, कांग्रेस ने कभी नहीं किया। कमलनाथ और कांग्रेस ने एक पाप जरूर किया। हमने जो 10 हजार रु. बढ़ाए थे, उसी में से 1500 रु. उन्होंने मार दिए। पैसे काट लिए, यह अन्याय था।’