April 20, 2024

– कल नागपंचमी, कोरोना में आम प्रवेश बंद

– वर्ष में एक बार 24 घंटे खुलता है यह मंदिर

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। महाकाल मंदिर के शिखर पर स्थित दुर्लभ नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर के पट गुरुवार रात 12 बजे खोले जाएंगे। वर्ष में केवल एक बार नागपंचमी पर ही इस मंदिर के पट आम दर्शन व पूजन हेतु 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं।

इस बार भी कोरोना के चलते प्रशासन ने मंदिर में आम लोगों के दर्शन हेतु प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। क्योंकि नागपंचमी पर हर वर्ष देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उज्जैन में उमड़कर इस मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं। उज्जैन के कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि कोरोना से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह प्रतिबंध लगाया है। हालांकि परंपरा अनुसार मंदिर के पट खोलकर विधि-विधान से महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनित गिरि द्वारा प्रथम पूजन-अर्चन किया जाएगा तथा देश-विदेश के श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दर्शन कराए जाएंगे। नागपंचमी पर 12 अगस्त की रात 12 बजे से 13 अगस्त की रात 12 बजे तक मंदिर के पट खुले रहेंगे।

कल दिन में 12 बजे होगी सरकारी पूजा

नागपंचमी पर 13 अगस्त की दोपहर 12 बजे सरकारी पूजा होगी। कलेक्टर सपरिवार शामिल होंगे। अखाड़े के महंत विनित गिरि महाराज ने बताया नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर की त्रिकाल पूजा होती है। पहली पूजा महानिर्वाणी अखाड़ा करता है। दूसरी सरकारी पूजा प्रशासन व तीसरी एवं अंतिम पूजा मंदिर प्रबंध समिति की ओर से की जाती है।

 महाकाल के आम दर्शन चालू रहेंगे

नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर महादेव में आम प्रवेश बंद रहेगा लेकिन भगवान महाकाल के दर्शन चालू रहेंगे। श्रद्धालु प्री-बुकिंग कर दर्शन के लिए मंदिर आ सकेंगे।

वेबसाइट पर करें नागचंद्रेश्वर के दर्शन

महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा ऑनलाइन लाइव दर्शन कराने की व्यवस्था की है। श्रद्धालु वेबसाईट www.mahakaleshwar.nic.in सहित महाकाल भक्ति व स्थानीय चैनलों, फेसबुक पेज पर नागचन्द्रेश्वर व महाकालेश्वरके दर्शन कर सकेंगे।