मप्र में परशुराम जयंती पर सरकारी छुट्‌टी:ब्राह्मण महाकुंभ मेंं मुख्यमंत्री की घोषणा पुजारियों को हर महीने 5 हजार रु. देंगे

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण महाकुंभ में घोषणा करते हुए कहा कि भगवान परशुराम जयंती के दिन मध्यप्रदेश में सरकारी छुट्‌टी रहेगी। संस्कृत विद्यालय के 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 8 हजार रुपए, 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। जिन मंदिरों के पास कृषि भूमि नहीं है, वहां के पुजारियों को 5 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
रविवार को ब्रह्म महाकुंभ भोपाल के जंबूरी मैदान में हुआ। प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज के लोग इसमें जुटे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम पहले तय कर चुके हैं कि पाठ्य पुस्तकों में भगवान परशुराम जी की गाथा पढ़ाई जाएगी। मंदिरों की कोई जमीन अब कलेक्टर नीलाम (कोली/बटिया) नहीं करेगा, पुजारी जी करेंगे। ब्राह्मण आयोग के गठन की मांग पर कहा, कोई दिक्कत नहीं है। इसके लिए विचार करेंगे। भोपाल में ब्राह्मण समाज के बच्चों के लिए छात्रावास की मांग पर बोले, उपलब्धता के आधार पर जमीन की व्यवस्था की जाएगी। गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई चाहे मेडिकल की हो, इंजीनियरिंग की हो, फ्री में कराई जाएगी।
समाज के लोगों को टिकट की मांग पर मुख्यमंत्री बोले- ये अध्यक्ष जी जानें। लेकिन, पर्याप्त नेतृत्व रहे, इस बात की चिंता मैं भी करूंगा। मुख्यमंत्री ने मंदिरों के सर्वे कराने की मांग भी स्वीकार की। वे लव जिहाद पर भी सख्त दिखे। कहा- मध्यप्रदेश में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। इस तरह की हरकत करने वाले नेस्तनाबूद कर दिए जाएंगे। यह मैं वचन देता हूं। ऐसी चीजें हम मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं होने देंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहा- हमारे धर्म, संस्कृति, जीवन मूल्यों को संरक्षित करने का कार्य ब्राह्मण समाज ने किया है। आज भारत का एक स्वरूप महाराज शंकराचार्य जी के कारण है। उन्होंने चारों दिशाओं से पूरे भारत को जोड़ दिया।

शंकराचार्य बोले- सरकार को मंदिरों पर शासन का अधिकार नहीं

ब्राह्मण महाकुंभ में द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा, मंदिरों पर शासन करने का अधिकार सरकार को नहीं है। धर्मनिरपेक्ष सरकार किसी भी मंदिर का अधिग्रहण कैसे कर सकती है। ब्राह्मणों में अनेकता होने के कारण दूसरे लोग आप पर शासन करते हैं। जिस समाज में सभी नेता बन जाते हैं, वो समाज उत्थान नहीं कर पाता। ब्राह्मण हर पार्टी में चला गया है। अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने समाज का उत्थान करें।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले- लव जिहाद पर गंभीरता से मंथन की जरूरत

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ब्राह्मण समाज कमजोर नहीं है। इस देश में शासन व्यवस्था को दिशा देने का काम ब्राह्मण ने किया है। लव जिहाद के बारे में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। धर्म संस्कृति के लिए हमें अपने परिवारों को संभालने की जरूरत है। ऐसे आतातायी लोग, जो समाज के अंदर इस प्रकार की चीजें करते हैं, ब्रह्म समाज के लोगों को इसके लिए ताकत के साथ खड़ा होने की जरूरत है। नहीं तो हम केवल भाषण देते रहेंगे, नीचे जमीन खत्म हो जाएगी।
भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, हिंदुस्तान की बेटी, बाबर-अकबर के यहां नहीं ब्याही जाएगी। अब राम-श्याम के यहां ब्याही जाएगी।

Box
वह पिटाई आज भी याद है

किरार धाकड़ समाज के सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किरार धाकड़ समाज हमारे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। जब मैं कक्षा सातवीं में पढ़ता था, तब पहला आंदोलन किया था। आंदोलन मजदूरी ढाई पाई की बजाय 5 पाई देने के लिए था। उस आंदोलन में जो मेरी पिटाई हुई थी, वह आज भी याद है।