April 25, 2024

उज्जैन। तेजगति से दौड़ते डंपर ने पीछे से बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार कुचल दिया। दुर्घटना में मौके पर ही मां की मौत हो गई, पुत्र घायल हुआ है। चालक डंपर लेकर देवास की ओर भाग निकला था।
नागझिरी थाना उप निरीक्षक दिनेश भट्ट ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे के लगभग कल्पतरू एवेन्यू के सामने तेजगति से दौड़ते डंपर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में बाइक पर सवार महिला और युवक गंभीर घायल हो गए थे। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची, सामने आया कि महिला की मौत हो चुकी है घायल युवक मृतिका का पुत्र है। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। घायल से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम उमेश पिता लालू चौहान 19 वर्ष निवासी ग्राम ढाबला रेहवारी होना बताया। मां का नाम शांतिबाई 45 वर्ष सामने आया। जानकारी लगते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए थे। जिन्होंने बताया कि उमेश के ससुराल ग्राम सेमलिया में माता पूजन का कार्यक्रम था। दोनों शामिल होने के लिए जा रहे थे। उप निरीक्षक के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर देवास की ओर भागा है। जिसकी जानकारी जुटाने के लिए मार्ग पर लगे स्मार्ट सिटी के कैमरे देखे जा रहे हैं। नंबर ट्रेस होते ही चालक को हिरासत में लेकर डंपर जप्त किया जाएगा।