April 26, 2024

फिलहाल इंदौर पुलिस की रिमांड पर ,अकाउंट में एक लाख अमेरिकी डॉलर मिले, पति पर भी केस

इंदौर। साल भर में पैसा डबल करने का झांसा देने वाली 26 लाख की धोखाधड़ी में पकड़ाई महिला ठग रिमांड पर है। पुलिस को उसके अकाउंट से एक लाख से ज्यादा अमेरिकी डॉलर मिले हैं। इस ठगोरी महिला ने सिर्फ इंदौर ही नहीं बल्कि उज्जैन, देवास, महू में लोगों को जमकर झांसे में लिया। इनमें भी उन लोगों की संख्या ज्यादा है जो हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं। रिमांड के दौरान और भी कई राजफाश हो सकते हैं।
वहीं कोर्ट में पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है। अभी उसके और अकाउंट की डिटेल लेना है। हालांकि महिला ने उज्जैन, महू, देवास और हिमाचल के लोगों को भी इसी तरह ठगने की बात स्वीकार की है।
गैरेज संचालक आरिफ खान निवासी राऊ की शिकायत पर पकड़ाई जीनत पति साजिद हुसैन को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया था। यहां से उसे सोमवार तक की रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया था। सोमवार को कोर्ट ने एक बार फिर तीन दिन की रिमांड पर सौंपा है। दरअसल पुलिस का तर्क है कि जीनत पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही।
पुलिस ने जांच के बाद महिला के पति को भी आरोपी बना दिया है। महिला ने करीब एक दर्जन से अधिक लोगों से ठगी की है। इंदौर में एक महिला को गोल्ड लोन देने के लिए से ज्वेलरी गिरवी रख ली और फर्जी चैक थमा दिया। यह चैक बाउंस हो गया था। महिला की शिकायत के बाद कोर्ट ने जीनत के खिलाफ चैक बाउंस मामले में गिरफ्तारी वारंट निकाला था। लेकिन जीनत के पता बदल देने के चलते पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी।
आरोपी महिला जीनत पर पुलिस ने अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इस धारा के तहत आरोपी के अकाउंट सीज करने का प्रावधान है। वहीं प्रॉपर्टी भी कब्जे में लेकर पैसा दिलाने का प्रावधान है।

जीनत ने कई लोगों को लिया झांसे में

पुलिस की जानकारी के मुताबिक जीनत ने हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति को ठगा था। वहीं देवास के चार पीड़ित लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें हातिम, आदिल पटेल, हुकुम सेंधव,अरुण और नौशाद हैं। इंदौर से असलम और अकरम नाम के व्यक्ति से भी ठगी की है। जीनत ने उज्जैन और डोंगरगांव महू के लोगों से भी ठगी की। मामले में अफसर थाने जाकर खुद जीनत से पूछताछ कर रहे हैं।