April 20, 2024

ब्यावरा। मन का स्वभाव पवित्र नहीं है, इसको पवित्रता की ओर ले जाना है तो श्रीमद्भागवत कथा को सुनना होगा। गहराई से कथा सुने ओर मन को पवित्र करें। ह्रदय में भगवान के चरण के दर्शन होने लगेंगे। जो मृत्यु के पार परम तत्व की ओर जाना चाहते है वे मन लगाकर भागवत कथा सुनें। यह मृत्यु से पार जाने का एक मात्र साधन है। यह बात स्थानीय अखण्ड परमधाम आश्रम पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी आचार्य श्री1008 श्री ज्योतिर्मयानंद जी महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि केवल भजन सुनने से काम नहीं चलेगा। जो शांत मन से जो देखा जा सकता है वह हलचल में नहीं। इसलिए शांत मन से कथा सुनें। इस अवसर पर उन्होंने भगवान के 24 अवतारों का वर्णन भी किया। साथ ही भीष्म की स्तुति, परीक्षित राज्याभिषेक, परीक्षित को शाप आदि प्रसंग भी सुनाए।
एकाग्रता से मिलते है भगवान
कथा के दौरान आचार्य श्री ने कहा कि जो एकाग्रता से भागवत सुनते है उन्हें ईश्वर तत्व का अनुभव होता है। यह साक्षात अमृत है इसके प्रकट करने के लिए भगवान ने 5 अवतार लिए है। हमारे अंदर भगवान रहता है। जब हम कोई गलत काम करते है तो ईश्वर इशारा करते है ये गलत है, लेकिन कामना हावी रहती तो मनुष्य वह काम करता है। पाप करता जाता है। जहां कोई नहीं देखता वहां मेरा परमात्मा देखता है। जीते जी सुख देने वाली कथा ही होती है।
समलैंगिकता का भारत मे कोई स्थान नहीं
कथा के दौरान आचार्य श्री ने कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के कुछ जज भारत की संस्कृति को कहाँ ले जाना चाहते है। समलैंगिकता कानून का भारत मे कोई महत्व नहीं है। यह धर्म के लिए अच्छा नहीं। समलैंगिकता से क्या मिलेगा। ये लोग जो समलैंगिकता की पैरवी कर रहे है व भोगवाद की ओर समाज को धकेल रहे है। हम सब को भारतीयता के साथ रहन है। यह अप्राकृतिक है। न सैद्धान्तिक है। जबकि अपराध है। इससे बचना है। जहां हो वहां इसको स्वीकार नहीं करना। हम सब इसका विरोध करते है। जो शास्त्र में बताया है वह हम मानते है। समलैंगिक कानून से कुछ भी सृजन नहीं होने वाला है।