April 19, 2024

उज्जैन। महाकाल विस्तारीकरण योजना के दूसरे चरण के कामों को पूरा करने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने गुरुवार को 5 मकानों के साथ एक होटल को जमींदोज किया है। विस्तारीकरण में 13 मकान बाधक बने हुए थे। सात के पास स्टे आर्डर होने पर प्रशासन कार्रवाई को आगे नहीं बढ़ा पाया।
महाकाल मंदिर के पास महाराजवाडा स्कूल की शासकीय सर्वे भूमि पर आदर्श मार्ग बनाया जाना है। जिसको लेकर पूर्व में तहसीलदार द्वारा यहां निवास करने वालों को नोटिस जारी कर मकान खाली करने के लिए कहा गया था। मार्च माह में उज्जैन आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूसरे चरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी काम वषार्काल से पहले पूरे करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से प्रशासन और नगर निगम कामों को पूरा करने की मुहिम लगा हुआ है। गुरुवार को प्रशासन और निगम का अमला पुलिस बल के साथ पहुंचा और शासकीय भूमि पर बने 5 मकानों के साथ 4 मंजिला बनी होटल शुभ-लाभ को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान मकानों में रहने वाले परिवारों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाइश के बाद मौके से हटाकर प्रशासन और निगम की कार्रवाई में सहयोग दिया। उक्त शासकीय भूमि पर 13 मकानों को हटाया जाना है। जिसको लेकर एडीएम कल्याणी पांडे ने बताया कि सात मकान मालिक न्यायालय से स्टे लेकर आए हैं, जिसके चलते उन मकानों को नहीं हटाया गया है। नगर निगम और प्रशासन स्टे आर्डर को लेकर न्यायालय में अपना जवाब प्रस्तुत करेंगे जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महाराजवाड़ा स्कूल की शासकीय भूमि पर महाकाल थाना शिफ्ट किया जाएगा। वही नया मार्ग बड़ा गणेश मंदिर तक बनाया जाएगा। बेगम बाग बस्ती की जमीन पर 10 कार 10 आॅटो रिक्शा और 160 टू व्हीलर की पार्किंग के साथ बेसमेंट में 250 कार की पार्किंग का एरिया तैयार होगा। महाकाल मंदिर के सामने भारत माता मंदिर से हरी फाटक ब्रिज का मार्ग भी जोड़ा जाना प्रस्तावित है।