रात में गुंडागर्दी, सुबह निकली हेकड़ी, इंदौर के गुंडों ने रतलाम में की चाकूबाजी; पुलिस ने बीच बाजार निकाला जुलूस

रतलाम।

रात में गुंडागर्दी की। दो यात्रियों को लात-घूंसों से पीटा। उन्हें चाकू मारा। रतलाम रेलवे स्टेशन पर उत्पात मचाया। इसका वीडियो भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने सुबह होती ही इन गुंडों की हेकड़ी निकाल दी। पुलिस उनका बीच बाजार जुलूस निकाला। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

दोनों गुंडे इंदौर के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों ही शाकिर चाचा गैंग के गुर्गे हैं। आरोपी इमरान उर्फ खोपरापाक और सद्दाम इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में दर्ज केस के बाद से फरारी काट रहे थे। रविवार को रतलाम होते हुए अजमेर जाने वाले थे। इमरान के खिलाफ इंदौर में चंदन नगर, सदर बाजार और मल्हारगंज थानों में कई मामले दर्ज हैं।

मंदसौर के कचनारा गांव के रहने वाले हरिदास और पुष्पेंद्र मुंबई में आईटी कंपनी में काम करते हैं। रविवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास लगी ऑटोमेटिक टिकट मशीन पर टिकट खरीद रहे थे। इसी दौरान, आरोपी इमरान और सद्दाम उन्हें धमकाने और पीटने लगे। पीड़ितों ने बताया बदमाशों ने चाकू भी मार दिया। दोनों गुंडे मारपीट कर रहे थे। लोग तमाशा देख रहे थे। कुछ लोग वीडियो भी बना रहे थे, लेकिन हमें बचाने कोई नहीं आया। डरे सहमे दोनों युवक रात में घर चले गए थे। सोमवार सुबह परिजनों के साथ जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है।

मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों को पहले आरपीएफ और बाद में जीआरपी थाने लेकर पहुंची। आरोपी इमरान खुद को अलीराजपुर और सद्दाम खुद को कसरावद का रहने वाला बताया। जांच में पता चला कि दोनों बदमाश वर्तमान में इंदौर के जवाहर नगर और चंदन नगर क्षेत्र में रह रहे हैं।