April 20, 2024

उज्जैन। मक्सीरोड ग्राम भैंसोदा में बीती रात बाइक सवार सगे भाईयों को अज्ञात वाहन रौंदकर भाग निकला। लोगों ने दोनों को लहूलुहान हालत में देखा तो पुलिस को जानकारी दी। परिजन घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंच गये थे। दोनों भाईयों की मौत हो चुकी थी।
पांड्याखेड़ी में रहने वाला फराहन पिता इरशाद शाह 25 विजयागंज मंडी में सायकल की दुकान चलता था। उसका छोटा भाई रिहान 24 वर्ष गैरेज पर काम करता है। दोनों रात को दुकान बंद करने के बाद विजयागंज मंडी से बाइक पर घर लौट रहे थे। भैंसोदा के समीप अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारने के बाद रौंदा हुआ निकल गया था। दोनों को लहूलुहान हालत में कुछ लोगों ने देखा तो पहचान लिया। परिजनों के साथ पुलिस को सूचना दी गई। 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई थी। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सगे भाईयों की मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। इस बीच परिवार के कुछ सदस्य दुर्घटना कर भागे वाहन की तलाश में निकल पड़े। भैंसोदा के समीप पेट्रोल पम्प पर वेगन-आर कार दिखाई दी, जो साइट से क्षतिग्रस्त थी। परिजनों को लगा कि कार ने टक्कर मारी है। उसमें 2 युवक बैठे थे, जिन्हें बाहर निकालकर परिजनों ने पीटना शुरू कर दिया। पुलिस मारपीट की खबर पर पहुंची और मृतक भाईयों के परिजनों से उन्हे बचाया और पूछताछ की। युवको का कहना था कि उनकी कार उन्हेल में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। पुलिस दोनों युवको के साथ कार को थाने ले आई थी। टीआई गजेन्द्र पचोरिया का कहना था कि युवको के साथ हुई मारपीट के मामले में केस दर्ज किया जाएगा। वहीं दुर्घटना में मृतक भाईयों को रौंदने वाले वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी सामने आ रही है कि दुर्घटना ट्रेक्टर-ट्राली से हुई है। जिसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दोनों भाईयों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे गये है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।