April 26, 2024

इंदौर। भोपाल में एक 65 वर्ष के बुजुर्ग की ब्रेन डेथ के बाद उनकी दोनों किडनियां ट्रांसप्लांट की गई है। इसके लिए सोमवार शाम 6.15 बजे भोपाल से इंदौर के बीच ग्रीन कॉरिडोर बना। इसके तहत एक किडनी भोपाल के बंसल हॉस्पिटल में एडमिट पेशेंट को तो दूसरी इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट महिला को ट्रांसप्लांट की गई है।
एलआईसी से जुड़े चंद्रभूषण सिंह निवासी शाहपुरा, कोलार रोड (भोपाल) को बंसल हॉस्पिटल, भोपाल में एडमिट किया गया था। कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेथ घोषित कर दिया। इस पर उनकी बेटी डॉ. रुचि सिंह ने उनके अंगदान करने की मंशा जाहिर की। इसके बाद सोमवार को बंसल हॉस्पिटल भोपाल से इंदौर के लिए शाम 6.15 बजे ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
प्लान के तहत एक किडनी भोपाल के ही बंसल हॉस्पिटल में एडमिट पेशेंट को ट्रांसप्लांट की गई। दूसरी किडनी रात करीब 9 बजे इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल लाई गई। यहां डॉ. अमित जोशी एवं ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर कमल सिंह चौहान ने समन्वय किया और किडनी 55 वर्षीय महिला को ट्रांसप्लांट की गई।