April 19, 2024

उज्जैन। हवा की रफ्तार कम होने और दिन में धूप निकलने से तापमान में तेजी आ रही है, लेकिन न्यूनतम तापमान कम हो रहा है। रविवार-सोमवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब आया है।
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार उत्तर से दक्षिण की ओर चल रही हवा की रफ्तार 2 दिनों से 4 किमी. प्रतिघंटे की बनी हुई है। 2023 की शुरूआत होने के बाद से हवा 8 से 10 किमी. प्रतिघंटे की होने पर दिन का तापमान कम हुआ था। अब दिन के तापमान में धूप खिली होने पर बढ़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ है। 4 जनवरी को 20 डिग्री पर आ गया था। जहां दिन में तेजी आ रही है, वहीं रात का तापमान कम हो रहा है। रविवार-सोमवार रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। अब तक रात में तापमान 7 डिग्री के आसपास तक पहुंचा था। 2-3 दिनों तक तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा, उसके बाद एक बार फिर गिरावट आएगी। इस बीच सुबह कोहरे के साथ होगी। सोमवार को भी घना कोहरा दिखाई दिया। सुबह 6 बजे तक दृष्टता 50 मीटर की रह गई थी। लेकिन जैसे ही सूर्योदय हुआ कोहरा साफ होता दिखाई देने लगा था।