April 18, 2024

 

इंदौर। मप्र लोकसेवा आयोग (पीएससी) द्वारा रविवार को आयोजित हुई सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (एडीपीओ) में पूछे गए एक प्रश्न पर विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा में पीएससी ने प्रश्न पूछा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की इंदौर शाखा के पहले अध्यक्ष कौन थे? प्रश्न पर परीक्षार्थी हैरान हैं। दरअसल इस प्रश्न का सही उत्तर खुद इंदौर के शहर कांग्रेस अध्यक्ष तक को नहीं पता। अभ्यर्थी सवाल कर रहे हैं कि पीएससी सामान्य ज्ञान की परीक्षा ले रहा है या कांग्रेस ज्ञान की।
पीएससी ने एडीपीओ परीक्षा में प्रश्न पूछा था भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इंदौर शाखा के प्रथम अध्यक्ष कौन थे? जवाब के लिए चार विकल्प दिए गए थे, (अ) चौधरी डालचंद राय, (ब) सेठ गोविंद दास, (स) पं.द्वारका प्रसाद मिश्र (इ) अर्जुन लाल सेठी। पर्चा होने के बाद अभ्यर्थियों ने खुद शहर के तमाम कांग्रेस नेताओं से जानकारी ली। हालांकि इंदौर शहर कांग्रेस से जुड़े नेता खुद इसका जवाब नहीं दे सके। और तो और इंदौर कांग्रेस के कार्यालय गांधी भवन में कोई लेख या बोर्ड भी नहीं है जिसमें अब तक कांग्रेस अध्यक्षों का विवरण हो। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस प्रश्न का सही उत्तर खुद नेता तो नहीं दे सके लेकिन पर्चा होने के बाद एक निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट ने जरूर सही जवाब जारी किया। कोचिंग संस्थान ने अर्जुन लाल सेठी को सही जवाब बताया।