April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र अयोध्या

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान के हाल ही में जारी किए गए गाने बेशर्म रंग में दीपिका की भगवा रंग की बिकिनी को लेकर देश भर में विवाद बढ़ता जा रहा है और फिल्म के बहिष्कार करने की अपील की जा रही है। इस बीच अयोध्या के हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने भी फिल्म पठान का बहिष्कार करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिस भी थिएटर में पठान लगे, उसे फूंक दिया जाए। महंत ने इस विवाद पर एक वीडियो भी जारी किया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने वीडियो में महंत को यह कहते हुए सुना जा सकता कि पठान फिल्म में सनातन धर्म का मजाक उड़ाया गया है और मैं लोगों से उन सिनेमाघरों को जलाने का आग्रह करता हूं जहां पठान प्रदर्शित की जाएगी। महंत राजू दास ने अपने वीडियो में आगे कहा कि सनातन धर्म का बार-बार बॉलीवुड और हॉलीवुड में मजाक उड़ाया गया है, और हिंदू देवी-देवताओं का भी अपमान किया गया है। दीपिका पादुकोण ने बेशर्म रंग में भगवा रंग की बिकिनी पहनी थी, जिससे संतों और पूरे देश की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

उन्होंने अपने वीडियो में आगे कहा कि गाने में भगवा बिकनी पहनकर ऐसे स्टेप्स करने की क्या जरूरत थी? महंत ने यह भी आरोप लगाया कि शाहरुख खान ने अक्सर सनातन धर्म का अपमान किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए ऐसा किया गया और इन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इससे पहले विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने और बहिष्कार करने की मांग की थी। बंसल ने बेशर्म रंग के बोल में दीपिका की ड्रेस पर तंज कसते हुए एक वीडियो शेयर किया था। बंसल ने ट्विटर पर लिखा था कि क्या इस्लाम को मानने वाला पठान मुस्लिम प्रतीकों वाली महिला के साथ ऐसे दृश्य फिल्मा सकता है। लव जिहादियों की बेहूदगी की भी हद होती है।