April 19, 2024

पीएम ने नागपुर में मेट्रो की सवारी, स्टूडेंट्स से चर्चा की

ब्रह्मास्त्र नागपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में 520 किमी लंबे हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया। यहां ढोल बजाकर मोदी का स्वागत किया गया। मोदी कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ ढोल भी बजाया।
मोदी ने नागपुर में मेट्रो सेवा की भी शुरूआत की। मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन के बाद उन्होंने स्टूडेंट्स के साथ मेट्रो की सवारी की। स्टूडेंट्स ने पीएम मोदी से बातचीत भी की। इससे पहले उन्होंने सबसे पहले नागपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। ये देश की छठवीं वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन नागपुर से रायपुर के बीच चलेगी।
पीएम शनिवार सुबह नागपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। मोदी ने महाराष्ट्र में 75 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने एआईआईएमएस नागपुर का उद्घाटन किया। यहां से पीएम मोदी गोवा जाएंगे, वहां मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

520 किमी लंबे समृद्धि महामार्ग का उद्घाटन
मुंबई-नागपुर एक्सप्रेस-वे का पहला चरण पूरा हो गया है। 6 लेन के एक्सप्रेसवे को समृद्धि महामार्ग नाम दिया गया है। पीएम मोदी ने नागपुर और शिर्डी को जोड़ने वाले 520 किमी लंबे समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेस-वे उत्तरी महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के 10 जिलों से गुजरेगा।