April 19, 2024

बैतूल। प्रदेश के बैतूल में बोरवेल में फंसे 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। 84 घंटे बाद बच्चे का शव बाहर निकाला गया। रेस्क्यू टीम शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे बच्चे के करीब पहुंच गई थी। सुबह 5 बजे तक शव को बाहर निकाला जा सका। 7 बजे बैतूल के जिला अस्पताल में शव को लाया गया। बोर में पानी की वजह से शव गल गया था। 5 डॉक्टरों की टीम ने शव का पीएम किया। पीएम के बाद परिजन शव लेकर गांव रवाना हो गए।
बच्चे के चाचा राजेश साहू ने कहा, अंतिम संस्कार गांव मांडवी में ताप्ती घाट पर करेंगे। यह हमारे लिए बहुत दुख की घड़ी है। हमने तो यह सोच रखा था कि सफल होंगे और हमारा बच्चा हमें वापस मिल जाएगा। बचाव दल ने तो दिन-रात प्रयास किया है, पर कहीं न कहीं लेट हो गए। अगर हमारे पास ऐसा कोई संसाधन होता, जिससे हम बच्चे को उसी दिन निकाल लेते, तो वो बच जाता। टीम वर्क बहुत अच्छा रहा, लेकिन हम लेट हो गए।

बच्चे की पसली में थी चोट, चेस्ट कंजेशन भी

एडीएम श्यामेंद जायसवाल ने बताया कि तन्मय के शरीर को जब निकाला गया, तो वो डीकम्पोज की स्थिति में था। पीएम रिपोर्ट में जो जानकारी मिली है, उसमें चेस्ट कंजेशन (सीने में जकड़न) और पसलियों में चोट सामने आई है। तहसीलदार गांव में परिजन के पास पहुंच चुके हैं। अन्त्येष्टि के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि बोर 400 फीट गहरा है। बच्चा करीब 39 फीट की गहराई में फंसा था। रेस्क्यू टीम ने बोर के समानांतर 44 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा। इसके बाद 9 फीट की हॉरिजॉन्टल सुरंग खोदी गई थी।