April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र  जोधपुर

जोधपुर जिले के शेरगढ़ क्षेत्र में भुंगरा गांव में गुरुवार दोपहर शादी एक समारोह स्थल पर बारात रवानगी से पहले बड़ा हादसा हुआ, जहां लीकेज के बाद बारी-बारी से 6 गैस सिलेंडर फटने से अब तक 5 लोगों की मौत हो गयी। वहीं इस हादसे में 61 लोग झुलस गए। इस हादसे में झुलसने वालो में दुल्हा भी शामिल हैं, वहीं महिलाओं और मासूम बच्चों के भी घायल होने की खबर है।

35 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में पूरी ढाणी जल गई। हादसे के बाद शादी समारोह और गांव में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान खाना बन रहा था और अनेक ग्रामीण खाना खा रहे थे। आग लगते ही खाना बनाने वाले गैस चालू छोड़ भाग गए। भट्टियों की पाइप तक झुलस गईं, जिससे और गैस लीकेज होती रहीं और यह बड़ा हादसा घटित हो गया। सूचना के बाद जोधपुर से एक दमकल भी मौके पर आई। 60 घायलों को शेरगढ़, बालेसर व सेतरावा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को घर भेजा गया। जबकि 51 घायलों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल रैफर किया गया।

तब तक दो साल के बालक व चार साल की बालिका की मौत हो चुकी थी। 35 घायलों की हालत गंभीर बताई जाती है।

विवाह समारोह के दौरान बारात रवानगी से कुछ देर पहले दोपहर करीब डेढ़ बजे ढाणी के चौक में दुल्हे को तैयार करने के साथ ही नेत भराई की रस्म अदा की जा रही थी। महिलाएं विवाह के मंगल गीत गा रही थी और पास ही खाना बन रहा था। रिश्तेदार व ग्रामीण खाना खा रहे थ। इस दौरान पीछे की तरफ सिलेण्डर में गैस लीकेज हो गया और उसमे आग लग गई। बताया जा रहा है कि खाना बनाने वाले मौके से भाग गए। गैस ढाणी में फैलने लगी और इस दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।