उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में : यूपी, बिहार में 98 लोगों की मौत

एजेंसी नई दिल्ली

उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले तीन दिनों में भीषण गर्मी के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश में कम से कम 98 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में 54 लोगों की मौत हुई। वहीं, बिहार में 44 लोगों की मौत हुई।

 

15-17 जून तक उत्तर प्रदेश के बलिया के जिला अस्पताल में भर्ती कम से कम 54 लोगों की मौत हुई। इन तीन दिनों में इस अस्पताल में 400 लोग बुखार, सांस लेने में परेशानी और अन्य परेशानियों के चलते भर्ती हुए थे। मरने वाले अधिकतर मरीज की उम्र 60 साल से अधिक थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत कुमार ने कहा कि जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। मरने वाले लोग किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे और अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी स्थिति खराब हो गई थी।
अधिकारियों के अनुसार 15 जून को 23, 16 जून को 20 और 17 जून को शाम चार बजे तक 11 लोगों की मौत हुई। इतनी अधिक मौत के कारण की तलाश के लिए लखनऊ से डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिवाकर सिंह ने बताया कि मरीजों और कर्मचारियों को हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाने के लिए अस्पताल में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर की व्यवस्था की गई है।