April 25, 2024

उज्जैन। चाय बेचने वाले युवक ने कुछ माह पहले दुकान पर ताला लगा दिया था और गांजा बेचने का काम करने लगा था। पुलिस ने उसे सोमवार को 2 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ में गांजा तस्कर की जानकारी मिली है।
कायथा में रहने वाला तालिब उर्फ तामिल पिता अकबर 26 वर्ष चाय बेचने का काम करता था। उसने कायथा में ही दुकान खोल रखी थी। 2-3 माह पहले दुकान पर ताला लगा दिया। इस बीच उसके ठाठ-बाट रईसों से जैसे हो गये। वह बिना काम धंधे के अपने सभी शौक पूरे कर रहा था। पुलिस को जानकारी मिली तो उस पर नजर रखी जाने लगी। उसकी सोशल साईड को खंगाला गया, जिसमें वह रईसों जैसे फोटो अपलोड कर रहा था। जानकारी जुटाई गई तो सामने आया कि वह गांजा बेचने का काम कर रहा है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिये योजना बनाई। सोमवार दोपहर खबर मिली कि तालिब गांजा लेकर आ रहा है।
कायथा रोड गैस गोदाम के आगे आमरोड पर पुलिस ने घेराबंदी की। जैसे ही तालिब वहां पहुंचा पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके पास से एक थैली बरामद की गई। जिसमें गांजा भरा हुआ था। थाने लाने पर सामने आया कि गांजा 2 किलो 100 ग्राम 21 हजार रुपये कीमत का है। मामले में 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू की गई है।