April 25, 2024

उज्जैन। शराबी पति को पत्नी से विवाद करता देख पुलिस उसे थाने ले आई। पत्नी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने लगी, उसी दौरान पति छत पर चढ़ गया और छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। देवासरोड पे्रम रेसीडेंसी में रहने वाला उदयभानसिंह किरार बिजली विभाग में काम करता है, मंगलवार दोपहर शराब के नशे में पत्नी रेखा से विवाद कर रहा था। दोनों झगड़ते हुए सड़क पर आ गये थे, रेखा ने पुलिस को सूचना दे दी। शराबी पति को थाने लाया गया। पत्नी भी शिकायत दर्ज कराने पहुंच गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान उदयभान सिंह ने लघुशंका की बात कहीं। पुलिस ने उसे थाने में बनी टायलेट में जाने के लिये कहा। वह अचानक थाने की सीढिय़ों पर दौड़ पड़ा और छत पर पहुंच गया। पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ते उससे पहले उदयभान ने छलांग लगा दी। 2 मंजिल से गिरते ही सिर फट गया और पैर टूट गये। घटनाक्रम के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कम्प मच गया। उसे पुलिसकर्मी के निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया, हालत गंभीर होना सामने आने पर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां आईसीयू में भर्ती किया गया है। पत्नी रेखा का कहना था कि शराब पीकर आये दिन विवाद करते थे, हरकतों से परेशान होकर शिकायत करने थाने पहुंची थी।