April 27, 2024

उज्जैन। रात 10 बजे कानीपुरा मार्ग पर आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने ईंट-भट्टा संचालक को गोली गोली मार दी। घटनाक्रम के दौरान बदमाशों ने पथराव किया जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तीन बदमाशों को हिरासत में ले लिया है।
प्रजापत नगर में रहने वाला दिलीप पिता जवाहर प्रजापत 40 वर्ष ईंट-भट्टा संचालित करता है। रात को बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। उसी दौरान घर से कुछ दूरी पर उसे बाइक पर सवार होकर आये आधा दर्जन बदमाशों ने घेर लिया और पथराव करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दिलीप के साथ मारपीट होती देख परिजन और आसपास के लोग एकत्रित हो गये, तभी एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर दिलीप पर फायर कर दिया। गोली कान के पास लगी और वह गिर पड़ा। बदमाश भागने का प्रयास कर रहे थे, उसी दौरान लोगों ने एक को कपड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। 2 अन्य बदमाशों को भी घेर लिया गया था। गोली चलने की सूचना मिलते ही चिमनगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तीन बदमाशों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया। घायल दिलीप को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। टीआई जितेन्द्र भास्कर, एसआई करण खोवाल, यादवेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक दिनेश बैस, आशुतोष भी जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन परिजन घायल को उपचार के लिये निजी अस्पताल लेकर चले गये थे।
बताया जा रहा है कि दिलीप भाजपा नेता नन्नू प्रजापत का रिश्तेदार है। हिरासत में आए बदमाश छिंगू बुंदेला, चेतन और हर्षित है। मौके से 2-3 अन्य भाग निकले थे। मामला आपसी लेन-देन और पुराने विवाद का बताया जा रहा है। मामले में टीआई भास्कर का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। घायल गोली लगने से घायल हुआ है या मारपीट में इस का पता डॉक्टरी रिपोर्ट से चल पाएगा। वहीं घायल के बयान दर्ज करने पर ही विवाद की सही वजह सामने आ पाएगी।