April 25, 2024

शुजालपुर। सिटी थाना क्षेत्र अन्तर्गत गांगलाखेडी में पारिवारिक विवाद के चलते पति पत्नी ने जहर खा लिया। जिसके चलते पत्नी की मृत्यू हो गई और पति की हालत गंभीर है, जो कि भोपाल में भर्ती है। दम्पत्ति का विवाह लगभग 6 माह पूर्व ही हुआ था। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया। साथ ही नवविवाहिता होने से नायब तहसीलदार द्वारा पंचनामा कार्यवाही की।
मिली जानकारी अनुसार गांगलाखेडी निवासी विनोद पिता हेमराज मालवीय 25 वर्ष एवं पूजा निवासी कडलावद छापीहेडा का विवाह दोनों की आपसी पसंद से मई में हुआ था। बताया जाता है कि गुरूवार की शाम को विनोद व पूजा में अज्ञात कारणों के चलते कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने ही जहर गटक लिया। जब परिजनों को हालत खराब होने पर जहर खाने की जानकारी मिली तो पति-पत्नी को शुजालपुर के निजी अस्पताल लेकर आए। जहां हालत चिंता जनक होने से भोपाल रेफर किया गया। जब परिजन भोपाल पहुंचे तो चिकित्सक ने जांच उपरांत पूजा को मृत घोषित कर दिया और पति विनोद मालवीय की भी हालत चिंता जनक बताई। मृतका पूजा के शव का परीक्षण शुक्रवार की सुबह सिविल अस्पताल शुजालपुर में पुलिस ने कराया।
इस मामले में मर्ग कायम किया गया। मृतका पूजा का अंतिम संस्कार गांगलाखेडी में हुआ। ग्रामीणों के अनुसार पति विनोद भोपाल के निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर उपचारार्थ है।