कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान जारी

मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच, खड़गे के जीत की पूरी संभावना, कांग्रेस को छठवीं बार मिलेगा गैर गांधी अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के लिए सोमवार को मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। मतदान के लिए विभिन्न राज्यों में 67 मतदान बूथ बनाए गए हैं। 9000 प्रदेश कांग्रेस कमेटी डेलिगेट वोटिंग करेंगे। कोई नेता किसी भी बूथ पर जाकर मतदान कर सकता है। मतदान गुप्त रहेगा। मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है। नतीजा 19 अक्टूबर को आएगा। इस तरह करीब 2 दशक बाद कांग्रेस के गैर-गांधी अध्यक्ष मिलेगा। देश की सबसे पुरानी पार्टी में शीर्ष पद के लिए आखिरी मुकाबला साल 2000 में हुआ था, जब जितेंद्र प्रसाद को सोनिया गांधी के सामने हार का सामना करना पड़ा था।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने केरल के तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। उन्होंने कहा,मुझे अपनी जीत का विश्वास है। कांग्रेस पार्टी की किस्मत पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ मे है। इस बीच सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा ने एआईसीसी मुख्यालय पर मतदान किया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित अन्य मतदाताओं ने मतदान किया।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष के लिए चुनाव कराने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी है। यह एक ऐतिहासिक दिन है। राहुल गांधी भारत जोड़ी यात्रा के दौरान बेल्लारी में वोट डालेंगे।

कांग्रेस के लिए आज का दिन ऐतिहासिक

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में कहा, कांग्रेस पार्टी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। आज यहां 490 लोगों ने मतदान किया। पारदर्शी तरीके से हो रहा मतदान इससे देश को फायदा होगा। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, आज ऐतिहासिक दिन है, कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव आज 22 साल बाद हो रहा है। यह चुनाव पार्टी में आंतरिक सद्भाव का संदेश देता है। गांधी परिवार से मेरे संबंध 19 अक्टूबर (मतगणना के दिन) के बाद भी वही रहेंगे।