दो साहित्य साधक डोसी व खेमसरा रतलाम में सम्मानित

महिदपुर। नगर के दो साहित्य साधकों, समर्पित समाजसेवियों जवाहर डोसी पीयूष एवं जैनेन्द्र खेमसरा सरल को रतलाम में आयोजित साहित्य समारोह में विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। साहित्यिक संस्था अनुभूति के 46 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशाल समारोह में अनंत नारायण सभागृह में वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बाफना (दिल्ली) के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हरिशकुमारसिंह (उज्जैन) की अध्यक्षता में रतलाम के साहित्यकारों, कलमकर्मियों द्वारा किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में जैनेन्द्र खेमसरा सरल ने संस्था के 46 शानदार सफल वर्ष पूर्ण होने पर अपनी बधाई दी एवं संस्था पदाधिकारियों को अपनी मंगलकामनाएं दी। अपनी कविताओं और गजलों को सुनाकर श्रोताओं को अभिभूत कर तालियों की गड़गड़ाहट के लिए प्रेरित किया। जवाहर डोसी पीयूष ने संस्था द्वारा निकाली गई काव्यानुभूति काव्य संग्रह की सुन्दर समीक्षा प्रस्तुत कर श्रोताओं का दिल जीत लिया और काव्य संग्रह की विशेषताओं को रेखांकित कर सबको तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
इस संस्था का गठन आपातकाल में अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक के समय धान मण्डी की मुख्य सड़क पर होना अपने आप में विलक्षण घटना थी। दोनों साहित्य साधकों ने अपनी विलक्षण प्रतिभा से अचंभित कर उपस्थित काव्य रसिकों में जोश भर दिया जिसकी सभी उपस्थितजनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। संस्था अध्यक्ष डॉ. मोहन परमार ने अतिथियों का परिचय देते हुए संस्था का परिचय दिया। सचिव मुकेश सोनी ने संस्था का प्रगति प्रतिवेदन पढ़ा। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रणयेश जैन ने स्वागत भाषण दिया। श्रेणिक बाफना एवं अन्य साहित्यकारों रामचन्द्र अम्बर, दिनेश जोशी, रामचन्द्र फुहार आदि ने सम्बोधित किया। संचालन हरिशंकर भटनागर ने किया एवं संस्था के उपाध्यक्ष शायर अब्दुल सलाम खोकर रतलामी ने सभी का आभार प्रकट किया।