April 18, 2024

‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ पूजा करने का आरोप, 9 पर केस दर्ज

ब्रह्मास्त्र बेंगलुरु

कर्नाटक के बीदर में दशहरे के दिन लोगों की भारी भीड़ एक मस्जिद में घुस गई। इस दौरान लोगों ने वहां ना सिर्फ ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए, बल्कि मस्जिद के अंदर पूजा भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। पुलिस ने महमूद गेवान मदरसा और मस्जिद के मैदान में कथित तौर पर प्रवेश करने और नारे लगाने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वायरल वीडियो में भीड़ को मस्जिद के मैदान में प्रवेश करते दिखाया गया है। आपको बता दें कि इस मस्जिद को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के द्वारा विरासत स्थल घोषित किया जा चुका है। कथित तौर पर भीड़ 6 अक्टूबर को दशहरा पर पूजा करने के लिए वहां गई थी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि भीड़ ने गेट तोड़ने की कोशिश की और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी को धमकाया और मस्जिद की दीवार पर कचरा फेंक दिया। शिकायतकतार्ओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को अपना विरोध प्रदर्शन तेज करने की भी चेतावनी दी है। इसके बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।