March 29, 2024

राजधानी तेहरान सहित कई शहरों में प्रदर्शन

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

ईरान में मॉरल पुलिसिंग का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की फायरिंग से 5 लोगों की मौत हो गई। 80 से ज्यादा घायल हैं। ये प्रदर्शन देश के पश्चिमी हिस्से में शुरू हुए थे। इस इलाके को कुर्दिस्तान कहा जाता है। यहां के लोग कई साल से अलग देश की मांग भी कर रहे हैं।

सिर न ढकने के आरोप में पुलिस ने 22 साल की माहसा अमीनी को कस्टडी में ले लिया था। माहसा कुर्द मूल की थीं। हिरासत में ही वे कोमा में चली गईं और 16 सितंबर को उनकी मौत हो गई। इसके बाद महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। कुर्दिस्तान के शहरों के बाद राजधानी तेहरान में भी प्रदर्शन हुए हैं। महिलाओं की मांग है कि हिजाब को अनिवार्य की जगह वैकल्पिक किया जाए।
अयातुल्लाह खामनेई ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता हैं। देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था होने के बावजूद सभी अहम फैसले वही लेते हैं। प्रदर्शनकारी उनके खिलाफ भी नारेबाजी कर रहे हैं। इसी के बाद पुलिस ने फायरिंग की। सिर्फ कुर्दिस्तान ही नहीं, राजधानी तेहरान और देश के कई शहरों में खामनेई के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। महिलाओं के साथ पुरुष भी बड़ी तादाद में नजर आ रहे हैं।